इंदौर. दिल्ली में रविवार को सुबह से देर रात भी घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते रात 10.30 बजे इंदौर से गए स्पाइस जेट के विमान को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिली। विमान को अलटरनेट स्टेशन के रूप में जयपुर में उतरना था, लेकिन वहां भी घना कोहरा होने के कारण वापस इंदौर भेजा गया। यह विमान रात 12.15 बजे इंदौर पहुंचा। इसके लिए घर जा चुके अधिकांश स्टाफ को वापस बुलाया गया। इससे पहले, इंदौर से जुड़ी अन्य उड़ानें खराब मौसम की वजह से देरी से आई व गईं। दिल्ली में घने कोहरे के चलते इंदौर से दिल्ली जाने वाला एयर इंडिया का विमान चार घंटे तक यहीं अटका रहा। वहीं दिल्ली से आने वाला जेट का विमान चार घंटे देरी से इंदौर पहुंचा। सुबह 7.15 बजे मुंबई से इंदौर आकर 7.50 बजे दिल्ली जाने वाला एयर इंडिया का विमान एक घंटा देरी से इंदौर पहुंचा। दिल्ली में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से उड़ानों को उड़ने और उतरने की अनुमति नहीं मिल रही थी। बाद में मौसम साफ होने के बाद यह विमान तय समय से चार घंटे देरी से दोपहर 11.50 बजे दिल्ली रवाना हुआ। दिल्ली से इंदौर आकर 8.25 बजे वापस दिल्ली जाने वाली उड़ान सवा 12 बजे इंदौर पहुंची। जेट की दिल्ली जाने वाली उड़ान सवा दो घंटे देरी से आई व गई।
Leave a Reply