इंदौर. शहर में जल्दी ही सस्ती दवाओं (जेनेरिक) की दुकानें शुरू करने वाली कंपनी मोबाइल एप्लीकेशन भी लांच करने जा रही है। इससे आपको पता चल जाएगा कि घर के पास कौन सा मेडिकल स्टोर, डॉक्टर या ब्लड बैंक है? इतना ही नहीं, एप्लीकेशन में किसी दवा का नाम डालते ही उसके मूल्य और निर्माता कंपनियों की जानकारी सामने आ जाएगी।
इसके अलावा इस एप के माध्यम से आप ऑनलाइन ऑर्डर भी दे सकते हैं। ऐसा करने पर घर बैठे दवाएं मिल सकती हैं। गौरतलब है कि जेनेरिक दवा स्टोर खोलने के लिए शौर्यादित्य कंपनी ने प्रशासन के साथ करार किया है। कंपनी के के.पी. सिंह का कहना है कि हम जेनेरिक दवा के दाम में 75 और एथिकल पर 20% छूट देंगे।
ऐसे काम करेगा एप ‘डॉक्टर साब’
एप को ‘डॉक्टर साब’ नाम दिया गया है। यह ऐसे काम करता है-
– एप को क्लिक करते ही दवा और मेडिकल सर्विसेस के विकल्प मिलेंगे।
– लोकेशन के अनुरुप नजदीकी डॉक्टर, हॉस्पिटल, लेबोरेटरी, वैक्सीनेशन सेंटर, ब्लड बैंक और एम्बुलेंस सर्विस की जानकारी मिल जाएगी।
– आर्डर नाऊ पर क्लिक करने पर होम डिलिवरी का ऑप्शन मिल जाएगा। फिलहाल गर्भवती और सीनियर सिटीजन के लिए यह सेवा मुफ्त रहेगी। अन्य के लिए सशुल्क।
बीमारी के लक्षण बताते ही मिलेगा डॉक्टर का पता
पीठ दर्द होने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास जाएं या न्यूरो फिजिशियन से मिलें? पास में कौन सा अस्पताल है? इस तरह के झंझटों को अब मोबाइल एप “नीड ए डॉक्टर’ दूर कर देगा।
यह एप शहर के छात्रों की कंपनी ने बनाया है, जिसे प्ले स्टोर पर जाकर नि:शुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
इसमें 2100 डॉक्टरों को जोड़ा गया है। खास बात यह है कि आप एप में बीमारी के लक्षण वाले विकल्प पर जाएंगे तो आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध विशेषज्ञ डॉक्टरों की सूची सामने आ जाएगी। लोकेशन में ऑल डालने पर शहर के सभी डॉक्टरों के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
ऐसे आया आइडिया
छात्र आयुष पुरोहित बताते हैं कि एक बार परिजन के बीमार होने पर उन्हें इसी तरह परेशान होना पड़ा था। इसके बाद उन्हें ऐसा एप बनाने का ख्याल आया। इस एप में आप डॉक्टर के नाम से उनका पता, फोन नंबर सर्च कर सकते हैं। एक क्लिक पर आपको डॉक्टर का अपाइंटमेंट भी मिल सकता है।
Leave a Reply