
नववर्ष के पहले दिन शुक्रवार को मंदिरों में भक्तों का सुबह से देर रात तक तांता लगा रहा। नए वर्ष की मंगल कामना लिए भक्त मंदिर पहुंचे और आशीर्वाद मांगा। खजराना गणेश मंदिर में लगभग 24 घंटे में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
खजराना गणेश मंंदिर के पुजारी अशोक भट्ट ने बताया, रात 12 बजे महाआरती के बाद से ही भक्तों का तांता मंदिर में लगा रहा। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से मंदिर गूंज उठा। लगातार 24 घंटे गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ चलता रहा। नववर्ष पर मोतियों और गोटा किनारी से विशेष शृंगार कर भगवान को मालवी पगड़ी पहनाई गई। मोदक का प्रसाद चढ़ाया गया।
महाकाल की तर्ज पर मंदिर में दर्शन की व्यवस्था की गई थी, जिसके चलते भक्तों को कोई परेशानी नहीं हुई। शहर के अन्नपूर्णा मंदिर, बिजासन माता मंदिर, जूना गणेश मंदिर, छत्रीबाग स्थित साईं बाबा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी सुबह से दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी|
श्री लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान छत्रीबाग में भी धनुर्मास के साथ रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। नववर्ष के पहले दिन सुबह से परिक्रमा और महाआरती में काफी भीड़ रही। भगवती महालक्ष्मी के लाल कमल व काजू, बादाम, किशमिश व कुमकुम से सहस्रार्चन किए गए। देर रात तक दर्शन के लिए लगभग 50 हजार भक्त पहुंचे। पंकज तोतला ने बताया,10 व 11 जनवरी को गोदा रंगनाथ विवाह उत्सव मनाया जाएगा।
Leave a Reply