
हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की कप्तान रितु रानी और पुरुष टीम के सीनियर ड्रैग फ्लिकर वीआर रघुनाथ के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे हैं। हॉकी इंडिया ने एक बयान में कहा, “धरमवीर सिंह के नाम की सिफारिश भी अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई है, जबकि सिल्वेनस डुंग डुंग का नाम मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए भेजा गया है। अनुभवी कोच सीआर कुमार के नाम की सिफारिश द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए की गई है।”
हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “खेलों के प्रति जुनून और प्रतिबद्धता को देखते हुए इन नामों की सिफारिश की गई है। उन्होंने कई मौकों पर अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया है।”
रितु रानी की अगुआई में भारतीय महिला टीम रियो ओलिंपिक के लिए जगह सुनिश्चित करने में कामयाब रही थी। रघुनाथ भारतीय हॉकी टीम की रक्षापंक्ति का अहम हिस्सा हैं। उनकी गिनती देश के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकरों में होती है। वे सुल्तान अजलान शाह कप का स्वर्ण पदक (2007), रजत पदक (2008), एशिया कप का स्वर्ण पदक (2007), रजत पदक (2013) जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। वे 2014 की उस भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे, जिसने 16 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर ओलिंपिक के लिए जगह सुनिश्चित की थी।
Leave a Reply