इंदौर। 31वीं सबजूनियर नेशनल तैराकी एवं गोताखोरी स्पर्धा में महाराष्ट्र 291 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन रहा। कर्नाटक 250 अंकों के साथ दूसरे तथा असम 169 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मप्र तैराकी संघ के तत्वावधान में आयोजित स्पर्धा में 21 नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड विभिन्न वर्गों में बने। डाइविंग के बालक वर्ग में सर्विसेस तथा बालिका वर्ग में महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा। डाइविंग में मेजबान मप्र को बालिका वर्ग में दूसरा तथा बालक वर्ग में चौथा स्थान मिला। स्पर्धा में मप्र को 4 स्वर्ण, 4 रजत तथा 3 कांस्य पदक मिले। एनी जैन ने अंतिम दिन भी 100 मी. फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता। तैराकी में बालक वर्ग में कर्नाटक के संजय सी.जे. व महाराष्ट्र के अरमान सिक्का तथा बालिका वर्ग में कर्नाटक की वानिया कपूर व असम की उत्तरा गोगोई को श्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। स्पर्धा के पुरस्कार डेली कॉलेज के प्राचार्य सुमेर सिंह के मुख्य आतिथ्य में वितरित किए गए। अध्यक्षता महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने की। विधायक मालिनी गौड़, एमरल्ड के संचालक मुक्तेश सिंह, संगीता उत्पल, वीरेंद्र नानावटी, कमलेश नानावटी, पीयूष शर्मा, भवानी शंकर शर्मा, योगेंद्र सिंह राठौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
Leave a Reply