-
-
बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा जोहरा सहगल का गुरुवार को दिल्ली के एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 102 साल की थीं। जोहरा ने कई फिल्मों में अपने अभिनय का जौहर दिखाया था। जोहरा अपनी जिंदादिली के लिए काफी मशहूर थीं। उनका अंतिम संस्कार आज दिल्ली को लोधी रोड पर बने शवदाह गृह में किया जाएगा।
जोहरा की आखिरी हिंदी फिल्म 2007 में संजय लीला भंसाली की ‘सांवरिया’ थी। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ ‘चीनी कम’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा ‘वीर-जारा’ और ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी फिल्मों में भी वह नजर आईं। अप्रैल,1912 को यूपी के सहारनपुर में जन्मीं जोहरा सहगल ने अपना करियर कोरियोग्राफर के रूप में शुरू किया था। वे हमेशा से थियेटर को अपना पहला प्यार मानती रहीं। वहीं से उन्होंने अभियन की कई बारिकियां सीखी। जोहरा ने पृथ्वीराज कपूर के पृथ्वी थियेटर में करीब 14 साल तक काम किया। जोहरा ने फिल्म ‘चीनी कम’ में अमिताभ बच्चन की मां की भूमिका निभाई थी। साल 2012 में जब जोहरा सहगल ने 100 साल पूरे किए थे तब अमिताभ बच्चन ने उन्हें ‘100 साल की बच्ची’ कहा था। जोहरा को 1998 में पद्मश्री और 2010 में पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है।
Leave a Reply