इंदौर. लालबाग को अब अंतरराष्ट्रीय हेरिटेज स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। शासन की इस मंशा के तहत मुख्य सचिव एंटनी डिसा ने शुक्रवार को लालबाग का दौरा किया और यहां विकास की संभावनाएं देखी। करीब एक घंटे तक दौरा करने के बाद उन्होंने कमिश्नर संजय दुबे को इसके समुचित विकास के लिए डीपीआर बनाने के लिए कहा। केंद्र सरकार से इसके लिए करीब दस करोड़ रुपए की मांग की जाएगी। दोपहर करीब पौने एक बजे डिसा लालबाग पहुंचे। कमिश्नर के साथ कलेक्टर आकाश त्रिपाठी व आईडीए, निगम के अधिकारी भी थे। मुख्य सचिव ने करीब एक घंटे तक वहां दौरा किया। मुख्य सचिव ने दौरे के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि लालबाग हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जाएगा। खर्च होंगे दस करोड़-पूरे प्रोजेक्ट पर करीब दस करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है। केंद्र सरकार पूर्व में दो करोड़ रुपए मंजूर कर चुकी है, जिससे यहां सिविल वर्क चल रहा है। सीएस ने बगीचे, महल और प्लेटोरियम के लिए अलग-अलग श्रेणी में टिकट रखने के लिए भी कहा। आईडीए भी यहां दो करोड़ रुपए से बगीचे विकसित करने की योजना मंजूर कर चुका है।
Leave a Reply