इंदौर. पहली से आठवीं तक सभी सरकारी स्कूलों में अब कॉपियों की रेंडम चेकिंग होगी। इसमें कॉपियों को ऑन स्पॉट देखा जाएगा। यह प्रयोग शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की दृष्टि से किया जा रहा है। जिला शिक्षाधिकारी का कहना है स्कूलों में सोमवार से यह चेकिंग अभियान शुरू होगा। “स्कूल चलें हम’ अभियान के सोमवार से शुरू हो रहे तीसरे चरण में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर खास ध्यान रहेगा। इसमें बच्चों की पढ़ाई से लेकर कॉपियों तक की चेकिंग होगी। कॉपियों की चेकिंग के लिए एक सेंपल मॉनीटरिंग टीम बनेगी। टीम हर स्कूल में जाकर एक-एक क्लास में रेंडम 10-10 कॉपियों की चेकिंग करेगी। इनमें अलग-अलग बच्चों से अलग-अलग विषय की कॉपियां ली जाएंगी। रेंडम आधार पर ली गई कॉपियों का ऑन स्पॉट मूल्यांकन, अवलोकन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कितने पाठ पढ़ाए जाना थे, कितने पढ़ाए गए, कितने पाठ के हल किए गए? कितने पाठ के प्रश्न-उत्तर में त्रुटि सुधार किया गया। शिक्षक द्वारा बच्चों द्वारा की जाने वाली त्रुटियों को गोला लगाकर सुधारा जाएगा। ताकि बच्चे काे समझाया जा सके गलती क्या की। बच्चों से फीडबैक भी लेंगे। संतोषजनक स्थिति नहीं मिलने पर शिक्षक-संस्था प्रमुख को नोटिस जारी होगा। साथ ही नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी। चेकिंग के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में अब तक जो बच्चों को पढ़ाया गया है उनमें से 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न तैयार किए जाएंगे। बाद में इनका क्विज के आधार पर टेस्ट होगा। इसमें कमजोर मिलने वाले बच्चों पर खास ध्यान दिया जाएगा।
Leave a Reply