उज्जैन। नगर निगम का 2015-16 का बजट तैयार हो गया है। इसे महापौर परिषद में रखने के लिए लेखा विभाग ने आयुक्त को भेज दिया है। नए बजट में सिंहस्थ 2016 के लिए 2.52 अरब रु. खर्च करने का प्रावधान किया है। मछली मार्केट, दशहरा मैदान स्टेडियम पर स्पोर्ट्स शॉप्स, पीपलीनाका में दुकानों का निर्माण के लिए 3.61 करोड़ रु. प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कचरा प्रबंधन के लिए 8 करोड़ रु., राजीव आवास 18 करोड़ रु. और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के लिए 3 करोड़ रु. का प्रावधान किया गया है। निगम ने फिलहाल बजट में कोई नया कर नहीं लगाया है और ही शुल्क भाड़े की दरों में भी बढ़ोतरी की है। निगम ने 2015-16 के बजट में सात अरब 18 करोड़ एक लाख 96 हजार रु. की आय और सात अरब 17 करोड़ 81 लाख 73 हजार रु. का खर्च प्रस्तावित करते हुए 20.23 लाख रु. की बचत का बजट बनाया है। नए बजट में पिछले साल के मुकाबले 0.99 प्रतिशत आय और 1.02 प्रतिशत खर्च में बढ़ोतरी की गई है। निगम के संयुक्त संचालक वित्त जेएस भदौरिया ने बजट आयुक्त अविनाश लवानिया को भेज दिया है। आयुक्त इसे महापौर परिषद में विचार के लिए रखेंगे तथा महापौर परिषद से अनुशंसा के बाद इसे निगम परिषद में पारित किया जाएगा।
Leave a Reply