इंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी द्वारा 92 कॉलेजों की संबद्धता रद्द का करने की तैयारी से कॉलेजों में हड़कंप मच गया। घबराए 30 से ज्यादा कॉलेजों के संचालक शुक्रवार सुबह ही नालंदा परिसर पहुंच गए। वे कुलसचिव या उप कुलसचिव से मिलकर गुहार लगाएंगे कि उन्हें तीन से चार दिन का समय और दिया जाए। हालांकि बचे हुए 60 कॉलेजों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। फिलहाल प्रबंधन ने साफ कह दिया है कि दो दिन अधिकतम और दिए जा सकते हैं। उसके बाद जो कॉलेज नहीं मानेंगे, वे अगले सत्र 2015-16 से एडमिशन नहीं दे पाएंगे। दरअसल प्रबंधन ने तय किया है कि 92 कॉलेजों की संबद्धता रद्द करने का फैसला इसी माह होने वाली कार्यपरिषद की बैठक में होगा। ये वे कॉलेज हैं, जिन्होंने तीन बार रिमाइंडर भेजे जाने के बाद भी मानव संसाधन मंत्रालय को अहम जानकारी नहीं भेजी है। इन कॉलेजों को हर साल एमएचआरडी को अपने छात्रों, कोर्स, फैकल्टी और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भेजना होती है। लेकिन हर साल यही स्थिति बनती है कि तय सीमा बीतने के बाद भी कई कॉलेज ऐसा नहीं करते। इस बार तीन रिमाइंडर भेजे जाने के बाद भी जब इन कॉलेजों ने जानकारी नहीं भेजी तो डीएवीवी ने इनकी संबद्धता रद्द करने का निर्णय कार्यपरिषद की बैठक के एजेंडा में शामिल कर लिया। हालांकि डीएवीवी से ही संबद्धता प्राप्त लगभग 190 कॉलेज जानकारी भेज चुके हैं।
Leave a Reply