इंदौर. स्वाइन फ्लू के पांच संदिग्ध मरीजों की बुधवार को मौत हो गई। एक मरीज निजी मेडिकल कॉलेज और चार एमवायएच में भर्ती थे। इनमें इंदौर का एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार इन चार मरीजों में से एक महिला धार की है। दो मरीज इंदौर निवासी हैं और एक मरीज को उज्जैन से रैफर किया गया था। स्वाइन फ्लू वार्ड 26 और स्टेप डाउन वार्ड में 11 नए मरीजों को भर्ती भी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने देर शाम 35 नए मरीजों के सैंपल भी जांच के लिए जबलपुर लेबोरेटरी भिजवाए हैं। करीब तीन सौ सैंपल भिजवाए जा चुके हैं। इनमें 109 मरीजों की रिपोर्ट में बीमारी की पुष्टि हुई है। फिलहाल 139 मरीजों की रिपोर्ट आना बाकी है। शहर में एमवायएच सहित 18 अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के 121 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। इनमें से 84 को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। यानी, इनका सी-कैटेगरी में इलाज चल रहा है। इस बीच बुधवार को दिन का तापमान 31.4 डिग्री रहा। बढ़ते तापमान के कारण स्वास्थ्य विभाग मान रहा है कि मरीजों की संख्या कम होगी, लेकिन स्थिति फिलहाल जस की तस है। अधिकारियों के अनुसार नए केस कम हुए, लेकिन पुराने मरीज अब भी बड़ी संख्या में हैं। रात के तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। अभी 104 मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। अब तक 109 मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इनमें से 44 की मौत हो चुकी है। इंदौर में धार, बड़वानी, झाबुआ, सागर, राजगढ़, नीमच, मंदसौर सहित कई जिलों से मरीज आ रहे हैं। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से मॉनीटरिंग बढ़ा दी गई है। शहर में 18 क्षेत्रों को चिह्नित किया गया, जहां के मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव मिली। इनमें अग्रसेन नगर, कृष्णबाग कॉलोनी, सदर बाजार, शक्कर बाजार, राजेंद्र नगर, उषा नगर, नयापुरा, लिम्बोदी खंडवा रोड, स्कीम 51, पलसीकर कॉलोनी, श्यामाचरण शुक्ल नगर, द्वारकापुरी, विलेज बसनदारा, भक्त प्रहलाद नगर, जूना रिसाला, गुमाश्ता नगर, बाणगंगा और छत्रीबाग हैं। छावनी, गौतमपुरा, रामकृष्ण बाग, मूसाखेड़ी, बेटमा, नयापुरा, परदेशीपुरा, मानपुर और हातोद निवासी मरीजों की मौत हुई। वन विभाग 20 से 22 फरवरी तक तुकोगंज स्थित अर्बन हाट बाजार में वन मेला लगाएगा। इसमें स्वाइन फ्लू से बचने का देशी इलाज मिलेगा। बुधवार को मुख्य वन संरक्षक आरआर ओखंडियार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया देश के जाने-माने नाड़ी वैद्य भी विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए मुफ्त सलाह देने आएंगे। शुभारंभ वन मंत्री करेंगे।
Leave a Reply