मप्र से गुजर रही कम दबाव की द्रोणिका की वजह से कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सुबह-सुबह हल्की धूप खिली थी लेकिन दस बजते-बजते आसमान पर घने बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। इंदौर के साथ-साथ भोपाल, जबलपुर संभाग में देर रात को हल्की बारिश दर्ज की गई है। ठंडी हवा और बारिश के कारण तापमान लुढ़क गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मप्र में एक सिस्टम सक्रिय है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मराठवाड़ा से दक्षिण पूर्व राजस्थान तक एक कम दबाव की द्रोणिका बनी हुई है। जो मप्र से होकर गुजर रही है। द्रोणिका के कारण अरब सागर से नमी आ रही है। शनिवार तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को कहीं-कहीं गरज और चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक और कृषि विशेषज्ञ के मुताबिक फसलें कटने के लिए लगभग तैयार हैं। ऐसे में बारिश, ओले या अंधड़ फसलें खराब कर देंगी या उसकी गुणवत्ता को प्रभावित करेंगी। तीन दिन तक बारिश की संभावना को देखते हुए पहले ही किसानों को जल्द से जल्द फसल काटने की एडवाइजरी जारी की गई है। एक डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान बारिश और ठंडी हवा के कारण शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री लुढ़क गया। गुरुवार को 18.5 डिग्री के मुकाबले शुक्रवार को 17.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
Leave a Reply