
उत्तरभारत के कोहरे ने शनिवार सुबह तक आधे प्रदेश को अपनी आगोश में ले लिया है। ठंड बढ़ गई है। लोग अलाव तापते रहे। वहीं कोहरे के कारण हवाई और रेल यातायात कोहरे के कारण प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में चंबल संभाग, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा पन्ना और सतना जिलों में कहीं-कहीं कोहरा छा सकता है। ठंड अपना असर दिखाएगी।
राजधानी में शुक्रवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। सुबह से ही शहर बादलों की आगोश में था। दोपहर में धूप खिली। हवा की रफ्तार भी 15 से 18 किमी प्रतिघंटे के आसपास रही, लेकिन तापमान में गिरावट नहीं हुई। बादलों के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा।
प्रदेश के चार महानगरों में भोपाल सबसे गर्म रहा और यहां अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। प्रदेश में खंडवा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री दर्ज किया गया।
जनवरी का एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी शहर में सर्दी का इंतजार है। शुक्रवार को भी शहर में सुबह से ही बादल छाए रहे और दिन भर धूप, छांव का खेल चलता रहा। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एसके डे ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग दिशाओं से आ रही हवा के कारण पूर्वी मप्र में प्रतिचक्रवात बन गया है। इसी प्रकार उत्तरी राजस्थान में भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, साथ ही अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसलिए पूर्वी मप्र सहित राजधानी में बादलों की स्थिति बनी हुई है।
मौसम का मिजाज 19 जनवरी तक इसी तरह रह सकता है, साथ ही हल्की बूंदाबांदी की भी स्थिति बन सकती है। शनिवार से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और अधिकतम में हल्की गिरावट होने की संभावना है।
Leave a Reply